सर्ग १८

राजकुमारों की शस्त्र-शिक्षा और गुरु-सेवा

श्रीराम व भाई हाथी-घोड़े-रथ की सवारी, धनुर्वेद और वेद-स्वाध्याय — साथ ही पितृ-सेवा में लगे रहते हैं। शस्त्र और सेवा एक ही साधना के अंग हैं।

दशरथ-नन्दन चारों राजकुमार बड़े हो रहे हैं। यह सर्ग उनकी दिनचर्या का चित्र देता है — और यह चित्र किसी आधुनिक "टाइम-टेबल" से नहीं, बल्कि हमारी अपनी अखाड़ा-दिनचर्या से मेल खाता है। यहाँ शस्त्राभ्यास अकेला नहीं आता; उसके साथ स्वाध्याय और सेवा अनिवार्य रूप से जुड़े हैं।

शस्त्र, स्वाध्याय और सेवा — एक ही क्रम

गजस्कन्धेऽश्वपृष्ठे च रथचर्यासु सम्मतः । धनुर्वेदे च निरतः पितुः शुश्रूषणे रतः ॥ २७ ॥
हिंदी अर्थ

श्रीराम ने हाथी के कंधे पर, घोड़े की पीठ पर और रथ हाँकने की कला में सम्मानित स्थान प्राप्त किया था। वे निरन्तर धनुर्वेद के अभ्यास में लगे रहते, और साथ ही पिता की सेवा-शुश्रूषा में भी रत रहते थे।

टीका

इस एक श्लोक में सम्पूर्ण पाठ्यक्रम है — और उसका क्रम भी। पहले वाहन-कौशल (हाथी, घोड़ा, रथ), फिर धनुर्वेद, और इन सबके साथ-साथ, बराबरी से, पितुः शुश्रूषणे रतः — पिता की सेवा।

हमारे यहाँ भी आयुध सीधे हाथ में नहीं आता। पहले शरीर सधता है — पद-संचालन (कालِ-पडम्, ओंडि-पडम्), सन्तुलन, गति। फिर सिलम्बम् कम्बु और शास्त्रीय आयुध। पर जो बात इस श्लोक में सबसे गहरी है वह है शुश्रूषा — सेवा। शस्त्र-कौशल और गुरु-सेवा दो अलग विषय नहीं; वे एक ही साधना के दो पहलू हैं। जो शिष्य अखाड़े की चटाई बिछाने, लाठियाँ सँभालकर रखने और छोटे योद्धाओं को सँभालने में लगा रहता है — वही सबसे तेज़ी से आगे बढ़ता है। सेवा से विनम्रता आती है, और विनम्रता के बिना शस्त्र खतरनाक है।

चारों भाई — वेद, सेवा और धनुर्वेद में समान रूप से

ते चापि मनुजव्याघ्रा वैदिकाध्ययने रताः । पितृशुश्रूषणरता धनुर्वेदे च निष्ठिताः ॥ ३६ ॥
हिंदी अर्थ

वे पुरुषों में सिंह के समान राजकुमार प्रतिदिन वेदों के स्वाध्याय में, पिता की सेवा में, और धनुर्वेद के अभ्यास में दत्तचित्त रहते थे।

टीका

वही तीन सूत्र फिर दोहराये गये — स्वाध्याय, सेवा, शस्त्र। परम्परा जब किसी बात को दोहराती है, तो वह उसे रेखांकित कर रही होती है। यह त्रिवेणी ही योद्धा को बनाती है: मस्तिष्क (वैदिकाध्ययन), हृदय (पितृशुश्रूषा), और भुजा (धनुर्वेद)।

तीनों में एक भी छूटे तो असन्तुलन आ जाता है — केवल भुजबल हो तो वह क्रूरता बन जाती है; केवल पुस्तक-ज्ञान हो तो वह निष्क्रिय रह जाता है। इसीलिये हमारा अखाड़ा केवल "फिटनेस" नहीं सिखाता — वह भारतीय संस्कार, अनुशासन और शस्त्र तीनों को एक साथ पिरोता है। यही "समावेशी योद्धा" का आदर्श है, जिसे बालकाण्ड बार-बार सामने रखता है।

शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम् ।

कालिदास, कुमारसम्भव ५.३३

सर्ग १८ पर चर्चा (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं — पहली जिज्ञासा आप रखिए।

All rights reserved © Karla Kutuhal Akhara by Vagambhrini 2021-2026
UDYAM ID: UDYAM-UK-07-0005613 | MSME Registered under 8541 - Sports Education